प्रश्न 7 20 अंक 250 शब्द
लता, जो दो बच्चों की माँ है, उसे अचानक तेज़ पेट-दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी ननद सुजाता उसके साथ थी। डॉ० मानसी ने लता की जाँच की और एक डायग्नोस्टिक लैप्रोस्कोपी करवाने की सलाह दी। जेनरल ऐनेस्थीसिया देकर उपर्युक्त चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए लता की सहमति ली गई।
लैप्रोस्कोपी करते हुए डॉ० मानसी की टीम को लता के गर्भाशय में ट्यूमर मिला। एक गहन जाँच से निकलकर आया कि यह ट्यूमर घातक हो सकता है।
डॉ० मानसी के सामने एक विकल्प यह था कि ट्यूमर का एक नमूना बायोप्सी के लिए निकाला जाय। यदि बायोप्सी करने के बाद ट्यूमर घातक निकलता है, तो लता को एक और ऑपरेशन गर्भाशय निकालने के लिए करवाना होगा। दूसरा विकल्प यह था कि उसी समय गर्भाशय निकाल दिया जाय। डॉ० मानसी को यह निर्णय तत्काल लेना था।
चूँकि लता जेनरल ऐनेस्थीसिया के कारण बेहोश थी, इसलिए डॉ० मानसी ने सुजाता को इस स्थिति से पूरी तरह अवगत कराया। डॉ० मानसी की सलाह से सुजाता सहमत थी कि हिस्ट्रेक्टॉमी करके लता का गर्भाशय निकालना होगा, जिससे उसे एक दूसरे ऑपरेशन का खतरा और पीड़ा न हो। डॉ० मानसी ने सुजाता की लिखित सहमति लेने के बाद लता का गर्भाशय निकाल दिया। इसके बारे में अगले दिन लता को सूचित किया गया। वह बहुत विचलित हुई और उसे लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है, क्योंकि गर्भाशय निकालने के लिए उसकी सहमति नहीं ली गई थी।
लता ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की कि डॉ० मानसी ने सही इरादे से एक मरीज़ की मदद की है। सुजाता का भी यही विचार था, लेकिन लता इससे आश्वस्त नहीं थी और उसने न्यायालय जाने का निर्णय लिया।
(a) इस प्रसंग से जुड़े नैतिक मुद्दों पर विचार कीजिए।
(b) इस परिस्थिति में डॉक्टर के नैतिक आचरण पर विचार कीजिए।