Aspiran

PYQ · जैसा UPSC ने पूछा

UPSC मेन्स 2026 GS4 (एथिक्स) PYQ: सभी 19 सवाल

UPSC लिखे हुए आंसर जाँचता है, इसलिए आंसर-की नहीं होती। सवाल पढ़िए, आंसर का प्लान बनाइए, फिर ऐप में लिखकर जँचवाइए।

स्रोत: UPSC का प्रश्न पत्र

इस पेपर ने क्या पूछा, सिलेबस के हिसाब से

  1. Public service values, probity and accountability 8 सवाल
  2. Case studies 6 सवाल
  3. Ethics and human interface 4 सवाल
  4. Moral thinkers of India and the world 4 सवाल
  5. Emotional intelligence 1 सवाल
किसी लाइन पर टैप करके उस पर आए सारे PYQ देखिए।

प्रश्न 1a 10 अंक 150 शब्द

समय के अभाव में विश्वविद्यालय का एक प्रोफेसर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से एक Ph.D. के मूल्यांकन का प्रतिवेदन लेकर और उसे कुछ संशोधित कर जमा कर देता है। जवाबदेही और निष्ठा के परिप्रेक्ष्य में इस पर विचार कीजिए।

प्रश्न 1b 10 अंक 150 शब्द

एक औद्योगिक घराना एक ऐसी परियोजना पर काम कर रहा है, जिसके कारण एक वन-समुदाय अपने प्राकृतिक वासस्थान से विस्थापित हो सकता है। उक्त ज़िले के प्रशासनिक अधिकारी के रूप में आप किन नैतिक चुनौतियों का सामना करेंगे?

प्रश्न 2a 10 अंक 150 शब्द

एक विलुप्तप्राय जनजाति गहन कंकालीय विरूपता (स्केलेटल डिफॉर्मिटी) से ग्रस्त है। एक विश्वविद्यालयी शोध ने एक खनिज-पूरक को इसके संभावित उपचार के लिए चिह्नित किया है, यद्यपि इसका चिकित्सकीय परीक्षण होना अभी शेष है। क्या ज़िलाधिकारी (डी० एम०) को इस शोध का उपयोग इस जनजाति पर करवाना चाहिए? आयुर्वैज्ञानिक एवं प्रशासनिक नैतिकता की दृष्टि से इस पर विचार कीजिए।

प्रश्न 3a 10 अंक 150 शब्द

डॉ० बी० आर० अम्बेडकर ने सचेत किया था कि किसी संवैधानिक प्रजातंत्र में सविनय अवज्ञा का क्रियान्वयन 'अराजकता' का अनुमोदन करने जैसा है। आधुनिक लोकतांत्रिक प्रणालियों को उन सविनय अवज्ञा आंदोलनों से उत्पन्न नैतिक दुविधाओं का सामना किस प्रकार करना चाहिए, जो सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन नीतियों का विरोध करते हैं, जिनके संबंध में वास्तविक और उचित चिंताएँ हैं?

प्रश्न 4a 10 अंक 150 शब्द

लम्बी अवधि तक दवाओं के प्रयोग से उत्पन्न इसके गंभीर कुप्रभावों पर बल देते हुए एक चिकित्सक एक महिला रोगी के परिवार वालों को सर्जरी के लिए राजी कर लेता है। रोगी हिचकिचाती हुई अपनी सर्जरी की स्वीकृति देती है, जबकि उसका प्राथमिक चुनाव दवाओं से ही इलाज कराने का था। इस प्रसंग में चिकित्सक की गतिविधि की विवेचना करते हुए पितृवाद (पैटर्नलिज़्म) एवं उपकार (बेनीफिसेन्स) की अवधारणा को व्याख्यायित कीजिए।

प्रश्न 5a 10 अंक 150 शब्द

सुदूर क्षेत्रों में स्थित विद्यालय प्रायः सरकारी नियमों के अनुसार पूर्ण रूप से काम नहीं कर पाते हैं। हालाँकि, यदि उन पर ये नियम कठोरता से लागू किए जाएँ, तो अधिकतर विद्यालय बंद हो जाएँगे। एक प्रशासनिक अधिकारी को नियमों को लागू करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों के बीच कैसे संतुलन स्थापित करना चाहिए?

प्रश्न 5b 10 अंक 150 शब्द

अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में नैतिक मूल्यों एवं मानदंडों की अपेक्षा राष्ट्र-राज्यों के रणनीतिक हितों को अकसर अधिक महत्त्व दिया जाता है। नैतिक दृष्टिकोण से इसकी विवेचना कीजिए।

प्रश्न 6a 10 अंक 150 शब्द

अपने निजी सहायक (पी० ए०) के निवेदन पर ज़िलाधिकारी (डी० एम०) विद्यालय के एक अध्यापक का स्थानांतरण रोक देता है, जो इस निजी सहायक की अधिगम अक्षमता वाली बेटी को ट्यूशन पढ़ाता है। इस संदर्भ में समानुभूति बनाम कर्तव्यपालन के पक्षों पर विचार कीजिए।

प्रश्न 6b 10 अंक 150 शब्द

कुछ नीतिवादी दार्शनिकों का तर्क है कि जो आर्थिक रूप से अत्यंत कमज़ोर हैं, उनके लिए अपनी आर्थिक स्थिति को विशेष रूप से प्रभावित किए बगैर, अपने संसाधनों में से कुछ खर्च करना सिर्फ परोपकार नहीं, हमारा नैतिक कर्तव्य है। परोपकार एवं कर्तव्य के बीच अंतर को स्पष्ट करते हुए इस कथन की पुष्टि कीजिए।

प्रश्न 7 20 अंक 250 शब्द

लता, जो दो बच्चों की माँ है, उसे अचानक तेज़ पेट-दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी ननद सुजाता उसके साथ थी। डॉ० मानसी ने लता की जाँच की और एक डायग्नोस्टिक लैप्रोस्कोपी करवाने की सलाह दी। जेनरल ऐनेस्थीसिया देकर उपर्युक्त चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए लता की सहमति ली गई।

लैप्रोस्कोपी करते हुए डॉ० मानसी की टीम को लता के गर्भाशय में ट्यूमर मिला। एक गहन जाँच से निकलकर आया कि यह ट्यूमर घातक हो सकता है।

डॉ० मानसी के सामने एक विकल्प यह था कि ट्यूमर का एक नमूना बायोप्सी के लिए निकाला जाय। यदि बायोप्सी करने के बाद ट्यूमर घातक निकलता है, तो लता को एक और ऑपरेशन गर्भाशय निकालने के लिए करवाना होगा। दूसरा विकल्प यह था कि उसी समय गर्भाशय निकाल दिया जाय। डॉ० मानसी को यह निर्णय तत्काल लेना था।

चूँकि लता जेनरल ऐनेस्थीसिया के कारण बेहोश थी, इसलिए डॉ० मानसी ने सुजाता को इस स्थिति से पूरी तरह अवगत कराया। डॉ० मानसी की सलाह से सुजाता सहमत थी कि हिस्ट्रेक्टॉमी करके लता का गर्भाशय निकालना होगा, जिससे उसे एक दूसरे ऑपरेशन का खतरा और पीड़ा न हो। डॉ० मानसी ने सुजाता की लिखित सहमति लेने के बाद लता का गर्भाशय निकाल दिया। इसके बारे में अगले दिन लता को सूचित किया गया। वह बहुत विचलित हुई और उसे लगा कि उसके साथ धोखा हुआ है, क्योंकि गर्भाशय निकालने के लिए उसकी सहमति नहीं ली गई थी।

लता ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की कि डॉ० मानसी ने सही इरादे से एक मरीज़ की मदद की है। सुजाता का भी यही विचार था, लेकिन लता इससे आश्वस्त नहीं थी और उसने न्यायालय जाने का निर्णय लिया।

(a) इस प्रसंग से जुड़े नैतिक मुद्दों पर विचार कीजिए।

(b) इस परिस्थिति में डॉक्टर के नैतिक आचरण पर विचार कीजिए।

प्रश्न 8 20 अंक 250 शब्द

रवि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी है, जिसे दंगा-नियंत्रण एवं साइबर-पुलिसिंग का विपुल अनुभव है। पिछले एक वर्ष से वह एक ऐसे ज़िले का पुलिस अधीक्षक (एस० पी०) है, जिसका लगातार दंगों का इतिहास है।

पिछले वर्ष रवि ने अनुमानात्मक पुलिसिंग के लिए एक ए० आइ० (AI) सॉफ्टवेयर अपने ज़िले में लगवाया। यह प्रणाली लगभग छः महीनों से काम कर रही है। इस नई प्रणाली में भीड़ में मौजूद लोगों के बायोमेट्रिक आँकड़ों को संकलित करने और उन्हें शीघ्रता से एक डेटा भंडार से संबद्ध करने के लिए उन्नत ऐल्गोरिदम का उपयोग किया जाता है। इसने कई तरह के अपराधों में शामिल लोगों को चिह्नित करने में पुलिस की मदद की है।

इस प्रणाली ने प्रवासी तथा निम्न-आय वर्ग के एक आवासीय क्षेत्र को सामूहिक हिंसा और नशीले पदार्थों की तस्करी के केंद्र के रूप में चिह्नित किया है। इस AI प्रणाली की सहायता से स्थानीय पुलिस ने अपनी गश्त, निवारक नज़रबंदी (प्रिवेन्टिव डिटेन्शन) और पुलिस नाके की व्यवस्था केन्द्रित की है। इसके फलस्वरूप सार्वजनिक व्यवस्था और कानून प्रवर्तन में सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

पिछले सप्ताह कुछ लोक-नेता, नागरिक अधिकारों के वकील, और मानवाधिकार कार्यकर्ता रवि से उसके कार्यालय में मिले। उन्होंने रवि को एक ज्ञापन दिया कि यह नई प्रणाली त्रुटिपूर्ण है, क्योंकि यह गलत ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित है, और सामाजिक पूर्वाग्रहों तथा भेदभावपूर्ण पुलिसिंग से प्रेरित है। ज्ञापन ने यह भी आरोप लगाया कि बढ़ी हुई निगरानी के कारण वहाँ के रहने वालों में एक तनाव व्याप्त है। यह भाव और बढ़ गया है, क्योंकि उस क्षेत्र में रहने वालों को नहीं पता कि किस प्रकार का डेटा उनके नाम से उसमें दर्ज है।

(a) डेटा-आधारित पुलिसिंग में, AI के उपयोग में शामिल नैतिक मुद्दे और पूर्वाग्रह क्या-क्या हैं?

(b) रवि के स्थान पर खुद को रखकर विचार कीजिए कि आपके समक्ष कौन-से विकल्प उपलब्ध हैं। यह बताइए कि चयनित विकल्प किस तरह नैतिकता के अधिक निकट है।

प्रश्न 9 20 अंक 250 शब्द

सीमा एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, जो अपनी सत्यनिष्ठा और व्यावसायिक कुशलता के लिए ख्यात हैं। हाल ही में उनकी नियुक्ति सुरेन्द्र नगर के ज़िलाधिकारी (डी० सी०) के रूप में हुई है, जहाँ एक बृहत् औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा रहा है।

इस नए औद्योगिक क्षेत्र में बहुत से किसानों ने भूमि उपयोग में परिवर्तन (सी० एल० यू०) के लिए आवेदन दिया है कि उनकी खेती की ज़मीन को आवासीय क्षेत्र में परिवर्तित किया जाय। इस तरह के आवेदनों की ऐसी भरमार है कि उनमें से अधिकांश का निस्तारण विलंबित है। सीमा ने लक्षित किया है कि उनमें से कुछ आवेदनों को, कालानुक्रमिक क्रम को अनदेखा करते हुए, मंज़ूरी दी गई है। इस मामले की फाइल में सीमा को कुछ ऐसी शिकायतें मिलीं, जिनमें कहा गया था कि कुछ आवेदकों से मंज़ूरी के बदले तगड़ी रिश्वत ली गई थी।

संबंधित तथ्यों की अग्रिम जाँच से सीमा को ज्ञात हुआ कि कलेक्ट्रेट के कुछ अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मिलकर दलालों का एक छोटा गिरोह इस ग़ैर-कानूनी गतिविधि को अंजाम दे रहा है। इस प्रकरण से बाकी कर्मचारी इतने भयभीत हो गए कि वे इन आवेदनों को अग्रसरित करने में घबराने लगे। इस प्रक्रिया में विलंबित मामलों की संख्या बढ़ती रही, जिसके फलस्वरूप स्थानीय आर्थिक विकास अवरुद्ध रहा एवं जनता में असंतोष पैदा हुआ।

सीमा के समक्ष यह एक बड़ी नैतिक एवं प्रशासनिक चुनौती थी कि दैनिक प्रशासनिक गतिविधियों को बिना अवरुद्ध किए इस भ्रष्टाचार के तंत्र को कैसे तोड़ा जाय। इसकी यदि एक आक्रामक आंतरिक जाँच-पड़ताल की जाय, तो सांस्थानिक प्रतिरोध की आशंका है और साथ ही मजदूर-संगठन की ओर से भी प्रतिक्रिया आ सकती है। दूसरी ओर यदि वे इस स्थिति को अनदेखा करती हैं, तो भ्रष्टाचारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और अनावश्यक रूप से आम लोगों का उत्पीड़न जारी रहेगा, जिसे अभी रोका जा सकता है।

(a) इस प्रसंग के नैतिक मुद्दे कौन-से हैं?

(b) सीमा के पास उपलब्ध विकल्पों पर विचार कीजिए। प्रस्तावित विकल्प को चिह्नित कर उसके औचित्य को रेखांकित कीजिए।

प्रश्न 10 20 अंक 250 शब्द

विकास एक सरकारी अधिकारी है, जिसे दस वर्ष से अधिक लोक-प्रशासन का अनुभव है। हाल ही में उसकी नियुक्ति सुदूर पर्वतीय एवं वन के निकटवर्ती क्षेत्र नैनीपुरा के ज़िलाधिकारी (डी० सी०) के रूप में हुई है। नैनीपुरा के न्यून आर्थिक विकास के कारण उसका प्रमुख दायित्व है कि उस क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग (ई० डब्ल्यू० एस०) के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पी० डी० एस०) को ठीक से चलाए।

क्षेत्र में दौरा करते समय विकास को ज्ञात हुआ कि वहाँ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के क्रियान्वयन में एक विशेष प्रशासनिक चुनौती सामने आ रही है। स्रोतों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सभी वितरकों के लिए यह अनिवार्य किया गया था कि वे लाभार्थियों की वास्तविक समय बायोमेट्रिक पहचान सुनिश्चित करें, जिसके अंतर्गत उनकी अँगुलियों के निशानों के मिलान पहचान-पत्र के अभिलेखों से किया जाता था। किन्तु इससे अनेक समस्याएँ उत्पन्न हो रही थीं, क्योंकि यह प्रणाली बढ़ते बच्चों, श्रमिकों तथा वरिष्ठ नागरिकों के मामलों में अँगुलियों के निशानों का मिलान कभी-कभी स्वीकार नहीं करती थी। यह समस्या तब और गम्भीर हो जाती जब वाईफाई का सम्पर्क धीमा हो जाता था। ऐसे मामलों में जब वितरक ग्राहकों को पहचान पाते थे, तब वे अपने निजी आग्रह के अनुसार काम करते।

विकास को प्राथमिकता से इस समस्या का निदान करना था। सरकारी नियमों का कठोरतापूर्वक पालन करने से वित्तीय शुचिता तो सुनिश्चित होगी पर इससे प्रभावित लाभार्थियों अर्थात् आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। इतना ही नहीं, यह संविधान के अनुच्छेद 21 द्वारा प्रदत्त उनके जीवन के मौलिक अधिकारों का भी हनन कर सकता है। दूसरी ओर इस समस्या का निदान यदि सिर्फ वितरकों के निजी आग्रहों पर छोड़ दिया जाय, तो इसका परिणाम स्रोतों का दुरुपयोग होगा।

(a) विकास के समक्ष कौन-से विकल्प हैं? उसे नामित लाभार्थियों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए वित्तीय शुचिता से संतुलन कैसे स्थापित करना चाहिए?

(b) कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के चयन में प्रौद्योगिकी के उपयोग की नैतिकता पर विचार कीजिए।

प्रश्न 11 20 अंक 250 शब्द

राजापुरम एक सीमावर्ती ज़िला है। झारा और बीरू वहाँ के दो प्रमुख समुदाय हैं, जो प्रायः एक-दूसरे के साथ टकराव की स्थिति में रहते हैं। इसके कारण वहाँ का सामाजिक ताना-बाना बिगड़ गया है और उसे ठीक करने की आवश्यकता है।

इन दोनों के बीच जो जातीय संघर्ष है, वह प्रायः हिंसा को जन्म देता है, जिसके कारण बहुत लोगों की मृत्यु हो गई है। इस तनाव के जो कारण बताए जाते हैं, वे हैं—ज़मीन पर दोनों गुटों के दावे, स्रोतों का असंतुलित बँटवारा और सरकारी संस्थाओं में उनका अपर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व। दोनों समुदायों के लिए अलग-अलग राहत शिविर बनाना पड़ा। स्थिति इतनी विषम हो गई है कि लगता है जल्द ही वह नियंत्रण से बाहर हो जाएगी।

राजन को राजापुरम का ज़िलाधिकारी (डी० एम०) नियुक्त किया गया है। उसकी ज़िम्मेदारी है कि वह अतिशीघ्र स्थिति को नियंत्रण में ले। उसके प्राथमिक कार्य हैं—प्रशासनिक व्यवस्था की बहाली, राजमार्ग को खुलवाना एवं शांतिवार्ता को शुरू करना। पदभार ग्रहण करते ही राजन को ज्ञात हुआ कि समुदायों के बीच जो द्वंद्व है, वह स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस तक पहुँच गया है। चूँकि स्थानीय प्रशासन वहाँ निष्पक्ष नहीं रह गया था, इसलिए दोनों समुदायों का उस पर से विश्वास उठ गया था। पड़ोसी देश इस अवसर का लाभ उठाकर एवं आंतरिक विद्रोह को बढ़ावा देकर स्थिति को और खराब कर सकता था। एक संतुलित रवैये के साथ राजन ने राजमार्ग को खुलवाया ताकि खाद्यान्न और चिकित्सकीय वस्तुएँ लोगों तक पहुँचाई जा सकें। प्रशासनिक नियंत्रण की बहाली के लिए उसने सी० आर० पी० एफ० की मदद लेने पर भी विचार किया।

(a) इस प्रसंग में उन नैतिक मुद्दों पर विचार कीजिए, जिन पर ध्यान देना आवश्यक है।

(b) राजन के सामने क्या विकल्प हैं? नैतिकता को आहत किए बिना कौन-सा विकल्प उसकी निष्पक्षता की रक्षा सुनिश्चित करेगा?

प्रश्न 12 20 अंक 250 शब्द

हाल ही में अजीत की पदोन्नति रक्षा उत्पादन मंत्रालय (एम० डी० पी०) के अंतर्गत हथियार बिक्री विभाग (डी० डब्ल्यू० एस०) के प्रमुख के रूप में हुई है। उसका प्रमुख दायित्व है—अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उन हथियारों का विक्रय, जिन्हें अपने देश में एम० डी० पी० तैयार करता है।

पिछले दो युद्धों में एम० डी० पी० के हथियारों का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा, जिसके कारण कई देशों ने उन्हें खरीदने में रुचि दिखाई है—मुख्यतः लम्बी दूरी की मार करने वाले तोप और प्रक्षेपास्त्र। देश A और देश B ने इन हथियारों के लिए कहा है। आयुधों का उत्पादन सीमित होने के कारण, डी० डब्ल्यू० एस० इनमें से किसी एक देश को ही ये हथियार बेच सकता है।

देश A विकासशील देश है और उसके पास एक अच्छा प्रौद्योगिक आधार है। एम० डी० पी० अगली पीढ़ी के आयुधों के निमित्त इस देश के साथ मिलकर अनुसंधान एवं विकास के लिए काम करने की योजना बना रहा है। देश A किसी सुरक्षा गठबंधन का हिस्सा नहीं है, उसे एक उपद्रवी पड़ोसी देश से सुरक्षा के लिए हथियारों की आवश्यकता है। वह दीर्घ अवधि के कर्ज़ पर अधिक मात्रा में हथियार खरीदना चाहता है।

देश B भी एक विकासशील देश है। सैन्य शक्ति उसकी प्राथमिकता है, और सैन्य बजट प्रायः मानव संसाधन तथा अवसंरचना विकास के लिए आबंटनों में भी हस्तक्षेप कर जाता है। वह एक महाशक्ति के साथ सुरक्षा गठबंधन में है जिसकी वहाँ एक बड़ी सैन्य छावनी है और जो उसे समय-समय पर वित्तीय अनुदान प्रदान करती है। वह एक आर्थिक गुट का सदस्य है, जिसके साथ उसकी सरकार वर्तमान में एक मुक्त व्यापारिक समझौते पर बात कर रही है। वह परमाणु अप्रसार संधि (एन० पी० टी०) का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है, किन्तु उसके पास लघु परमाणु हथियार तथा उसके प्रक्षेपण तंत्र उपलब्ध हैं। वह विदेशों में कुछ गुरिल्ला बलों को समर्थन प्रदान करता है। उसने अपेक्षाकृत छोटे स्तर के अधिग्रहण की इच्छा व्यक्त की है और अग्रिम भुगतान का कुछ भाग देने के लिए तैयार है। फिलहाल वह एक दूसरे देश से भी हथियार खरीदने की बात कर रहा है।

सम्बद्ध विभागों के समकक्षों से अजीत ने इस विषय पर चर्चा की। उसमें इस बिक्री से होने वाले महत्त्वपूर्ण आर्थिक लाभों, रोज़गार सृजन तथा अधिक सुदृढ़ राजनयिक संबंधों को रेखांकित किया गया था। यह भी बल देकर कहा गया था कि यदि इस सौदे को अस्वीकार कर दिया गया, तो देश B किसी अन्य आपूर्तिकर्ता से हथियार खरीद सकता है।

अजीत इस बात से अवगत था कि हथियारों की बिक्री में हर स्तर पर समुचित सतर्कता बरतना राष्ट्रीय नीति एवं अंतर्राष्ट्रीय संधियों की अनुरूपता सुनिश्चित करने के लिए बहुत आवश्यक है।

(a) अजीत के पास उपलब्ध विकल्पों पर विचार करते हुए यह बताइए कि उसे कौन-सा विकल्प और क्यों चुनना चाहिए।

(b) अजीत किस प्रकार राष्ट्र के आर्थिक और रणनीतिक हितों को नैतिक विचारों से संतुलित करेगा?