प्रश्न 9 20 अंक 250 शब्द
पिछले कुछ वर्षों में, विशेष रूप से, केन्द्र और राज्य सरकारों की बहुआयामी रणनीति के चलते देश के प्रभावित राज्यों में नक्सली समस्या का काफी हद तक निराकरण हुआ है । हालाँकि, कुछ राज्यों में कई इलाके ऐसे हैं जहाँ नक्सली समस्या अभी भी मुख्य रूप से विदेशी देशों की दखलअंदाजी के कारण बनी हुई है । रोहित पिछले एक साल से किसी जिले में एसपी (स्पेशल ऑपरेशन) के पद पर तैनात हैं, जो अभी भी नक्सली समस्या से प्रभावित है । जिला प्रशासन ने लोगों का दिल और दिमाग जीतने के लिए हाल के दिनों में नक्सल प्रभावित इलाकों में कई विकासमूलक कार्य अपनाए हैं । पिछले कुछ समय से, रोहित ने नक्सली कैडर की गतिविधियों के बारे में वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त करने के लिए एक उत्कृष्ट खुफिया नेटवर्क स्थापित किया है । जनता में विश्वास जगाने और नक्सलियों पर नैतिक प्रभुत्व जताने के लिए पुलिस द्वारा कई जगह घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है । रोहित स्वयं एक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे थे । उन्हें अपने खुफिया सूत्र के माध्यम से संदेश मिला कि लगभग दस कट्टर नक्सली अत्याधुनिक हथियारों के साथ विशेष गाँव में छिपे हुए थे । बिना कोई समय गँवाए, रोहित ने अपनी टीम के साथ उस खास गाँव में पहुँच कर पूर्ण सुरक्षा का घेरा बनाया तथा व्यवस्थित तलाशी लेना शुरू कर दिया । तलाशी के दौरान, उनकी टीम सभी नक्सलियों पर स्वचालित हथियारों के साथ काबू पाने में कामयाब रही । हालाँकि, इस बीच पाँच सौ से अधिक आदिवासी महिलाओं ने गाँव को घेर लिया और लक्ष्य घर की ओर मार्च करना शुरू कर दिया । वे चिल्ला रही थीं और उपद्रवियों की तत्काल रिहाई की माँग कर रही थीं क्योंकि वे उनके संरक्षक और उद्धारक हैं । जमीनी हालात बहुत गंभीर होते जा रहे थे क्योंकि आदिवासी महिलाएँ अत्यंत उत्तेजित और आक्रामक थीं । रोहित ने अपने उच्च अधिकारी, राज्य के आईजी (स्पेशल ऑपरेशन्स) से रेडियो सेट और मोबाइल फोन से संपर्क स्थापित करना चाहा, लेकिन कमजोर कनेक्टिविटी के कारण वैसा कर पाने में वे असफल रहे । रोहित की बड़ी दुविधा थी कि पकड़े गए नक्सलियों में दो न केवल चोटी के कट्टर उग्रपंथी थे, जिनके सिर पर दस लाख रुपयों का इनाम था, बल्कि वे हाल ही में सुरक्षा बलों पर घात लगाकर किए गए हमले में भी शामिल थे । हालाँकि, अगर नक्सलियों को नहीं छोड़ा गया तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती थी । यह इसलिए कि आदिवासी महिलाएँ आक्रामक रूप से उनकी ओर बढ़ रही थीं । उस स्थिति में, हालात को नियंत्रित करने के लिए रोहित को गोलीबारी का सहारा लेना पड़ सकता है, जिससे नागरिकों की बेशक़ीमती जान जा सकती है एवं स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी ।
(a) इस स्थिति से निपटने के लिए रोहित के पास कौन-से विकल्प उपलब्ध हैं ?
(b) रोहित को किन नैतिक दुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है ?
(c) आपके अनुसार रोहित के लिए कौन-सा विकल्प अपनाना अधिक उपयुक्त होगा और क्यों ?
(d) मौजूदा स्थिति में, महिला प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस द्वारा क्या अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए ?